Bihar News। संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
दयालपुर । वैशाली
स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की शुरुआत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा गठित निरीक्षण टीम ने मोहन दास महाविद्यालय (बीएमडी कॉलेज) दयालपुर का गहन निरीक्षण किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्याम रंजन प्रसाद सिंह ने टीम के सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। निरीक्षण टीम में कॉलेज इंस्पेक्टर डॉ. राजीव कुमार, आर.एन. कॉलेज हाजीपुर की जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सुषमा कुमारी तथा विश्वविद्यालय गणित विभाग के डॉ. जितेषपति त्रिपाठी शामिल थे।

निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने विभिन्न संकायों में नामांकित छात्र-छात्राओं की संख्या, पुस्तकालय में उपलब्ध विषयवार पुस्तकों एवं शैक्षणिक संसाधनों से संबंधित विस्तृत जानकारी टीम को उपलब्ध कराई।

विश्वविद्यालय टीम ने महाविद्यालय के प्रयोगशाला, स्मार्ट कक्ष, लैंग्वेज लैब, पुस्तकालय, शैक्षणिक भवन एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही विभिन्न विभागों के शिक्षकों से मुलाकात कर स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालन से संबंधित आवश्यक सूचनाएं प्राप्त कीं।
निरीक्षण के उपरांत टीम के सदस्यों ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ करने हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं संसाधनों पर संतोष व्यक्त किया।