राजापाकर / वैशाली
आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत तथा Axis Bank Foundation के सहयोग से राजापाकर प्रखंड के बदनपुर मिलकी गांव में एंटाइटलमेंट कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराना और आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाना रहा।

कैंप में पहुंचे लोगों का फार्मर आईडी कार्ड रजिस्ट्रेशन किया गया। साथ ही महिला एवं पुरुष लाभुकों के सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र समेत विभिन्न योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन भरे गए। उपस्थित टीम द्वारा संस्थान की ओर से संचालित लाभकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

शिविर में शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को कौशल विकास केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षण लेकर रोजगार एवं निजी कंपनियों में नौकरी प्राप्त करने के अवसरों के बारे में बताया गया। वहीं बेरोजगार ग्रामीणों को बकरी पालन, मुर्गी पालन और अन्य स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
आयोजकों के अनुसार शिविर में लगभग 300 लोगों ने भाग लिया, जिनमें से करीब 100 लोगों को विभिन्न योजनाओं से जोड़कर तत्काल लाभ दिलाया गया। कैंप का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। प्रमुख योजनाओं में पेंशन, किसान पंजीयन, किसान आईडी और आयुष्मान कार्ड निर्माण शामिल रहे।