Bihar News । बेतिया (पश्चिम चंपारण)
पश्चिम चंपारण जिले में भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारी को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 25 एवं 26 फरवरी को व्यापक स्तर पर ‘भूकंप मॉक ड्रिल’ आयोजित किया जा रहा है। यह अभ्यास राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के नेतृत्व में किया जाएगा।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित राहत कार्य और बचाव प्रणाली की प्रभावशीलता का परीक्षण करना है।

कार्यक्रम की रूपरेखा
25 फरवरी: टेबल टॉप एक्सरसाइज (रणनीतिक चर्चा एवं योजना समीक्षा)
26 फरवरी: जिले के 07 चिन्हित स्थलों पर फुल-स्केल फिजिकल मॉक ड्रिल
मॉक ड्रिल के निर्धारित स्थल
जिला प्रशासन ने बेतिया और बगहा में कुल 07 स्थानों का चयन किया है:
बेतिया शहर:
1. उत्क्रमित उच्च विद्यालय, शेखौना
2. राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल
3. समाहरणालय भवन
4. ऑफिसर कॉलोनी
5. जूडियो शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
बगहा:
1. विनायक पेट्रोल पंप (बगहा-1)
2. फ्लाईओवर (बगहा-2)
हवाई अड्डा बनेगा मुख्य राहत एवं स्टेजिंग एरिया
बेतिया हवाई अड्डा परिसर को मुख्य स्टेजिंग एरिया बनाया गया है, जहां से एम्बुलेंस, दमकल वाहन और बचाव दलों का संचालन एवं समन्वय किया जाएगा। साथ ही संभावित पीड़ितों के लिए अस्थायी राहत शिविर, भोजन एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
प्रशासन की जनता से अपील
अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) अनिल कुमार सिन्हा एवं जिला आपदा प्रबंधन शाखा की प्रभारी पदाधिकारी नगमा तबस्सुम ने नागरिकों से अपील की है कि 26 फरवरी को होने वाली गतिविधियों को देखकर घबराएं नहीं और किसी प्रकार की अफवाह न फैलाएं। यह केवल आपदा प्रबंधन की तैयारी का अभ्यास है।
13 कोषांग संभालेंगे जिम्मेदारी
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य, अग्निशमन, संचार, परिवहन सहित कुल 13 विभागीय कोषांगों का गठन किया गया है, जो ड्रिल के दौरान अपनी कार्यक्षमता का प्रदर्शन करेंगे। प्रशासन का लक्ष्य है कि वास्तविक आपदा की स्थिति में जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।