Bihar News :पश्चिम चंपारण: दक्षिणी घोघा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना की शिकायतों की जांच
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। पश्चिमी चंपारण जिले के चनपटिया प्रखंड अंतर्गत दक्षिणी घोघा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्राप्त शिकायतों को लेकर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने स्थलीय जांच की। इस दौरान उन्होंने पंचायत के वार्ड संख्या 03 एवं 06 में पहुंचकर संबंधित मामलों की जानकारी ली और योजना के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।

जांच के दौरान उप विकास आयुक्त ने मौके पर उपस्थित ग्रामीण आवास सहायक एवं पर्यवेक्षक से शिकायतों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामलों की गंभीरता से जांच करने और नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। योजना के तहत प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार निष्पादन किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने यह भी कहा कि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। संबंधित अधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करें, जिससे योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
इस स्थलीय जांच का उद्देश्य योजना से संबंधित शिकायतों की वास्तविक स्थिति का पता लगाना तथा उनके निष्पादन की दिशा में आवश्यक कदम उठाना रहा।